Unique Geography Notes हिंदी में

Unique Geography Notes in Hindi (भूगोल नोट्स) वेबसाइट के माध्यम से दुनिया भर के उन छात्रों और अध्ययन प्रेमियों को काफी मदद मिलेगी, जिन्हें भूगोल के बारे में जानकारी और ज्ञान इकट्ठा करने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस वेबसाइट पर नियमित रूप से सभी प्रकार के नोट्स लगातार विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रकाशित करने का काम जारी है।

BA SEMESTER-IOCENOGRAPHY (समुद्र विज्ञान)PG SEMESTER-1

13. Atlantic Oceanic Currents

(अटलांटिक महासागर की जलधारा) 

Atlantic Oceanic Currents


Atlantic Oceanic Currents

अटलांटिक महासागर की जलधारा⇒

         अटलांटिक महासागर पश्चिम में उत्तरी तथा दक्षिणी अमेरिका और पूर्व में यूरोप तथा फिर का कीमत 8.24 करोड़ वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में अवस्थित है। उत्तर में यह डेविस की खाड़ी, डेनमार्क जलडमरूमध्य तथा नार्वेजियन सागर द्वारा आर्कटिक सागर से जुड़ा हुआ है। अफ्रीका के दक्षिण में यह हिंद महासागर से मिला हुआ है। इसका आकार अंग्रेजी के S- अक्षर के समान है।अटलांटिक महासागर में मंद व तीव्र तथा उष्ण एवं शीतल सभी प्रकार के धाराएं प्रवाहित होती है। अटलांटिक महासागर की प्रमुख धाराएं निम्नलिखित है –

(A) उत्तरी अटलांटिक की जलधारा

1.उतरी अटलांटिक विषुवतीय गर्म जलधारा

2. कैरेबियन जलधारा

3. यूकाटन जलधारा

4. मैक्सिको जलधारा

5. गल्फ स्ट्रीम

6. उतरी अटलांटिक पछुआ प्रवाह

7. पूर्वी ग्रीनलैंड जलधारा

8. नार्वेजियन जलधारा

9. इरमिंजर जलधारा

10. लैबराडोर जलधारा

11. केनारी जलधारा

(B) दक्षिणी अटलांटिक की जलधारा

1. दक्षिणी अटलांटिक विषुवतीय गर्म जलधारा

2. ब्राजीलियन गर्म जलधारा

3. फॉकलैण्ड जलधारा

4. अंटार्कटिका पछुआ प्रवाह (विश्व मे)

5. वेंगुएला जलधारा

(A) उत्तरी अटलांटिक की जलधारा 

(1) उत्तरी अटलांटिक विषुवतीय गर्म जलधारा- इसका विस्तार 0° से 10°N अक्षांश तक होता है। व्यापारिक हवा के कारण इस धारा की प्रवाह दिशा पूर्व से पश्चिम की ओर है। यह अफ्रीका के तट को छोड़ने के बाद अपने गुणों को प्राप्त करती है। यह एक गर्म जलधारा है। मध्य अटलांटिक कटक को पार कर उत्तर पश्चिम की ओर मुड़कर दो शाखाओं में बँट जाती है। वेस्टइंडीज के पूर्व में “एंटीलीज जलधारा” और पश्चिम में “कैरेबियन जलधारा” कहलाता है। कैरेबियन जलधारा ही मैक्सिको की खाड़ी में प्रवेश करता है। 

(2) फ्लोरिडा जलधारा- यह कैरेबियन जलधारा का अग्रभाग है जो यूकाटन चैनल से होती हुई मैं मैक्सिको की खाड़ी में प्रवेश करती है। मैक्सिको की खाड़ी अर्द्धचंद्राकार रूप में है। वुस्ट महोदय के अनुसार यह गर्म जलधारा औसतन 26 मिलियन घन मीटर/सेकंड वार्षिक जलराशि फ्लोरिडा जल डमरूमध्य से होकर अटलांटिक महासागर में लाती है। इस जलधारा का विस्तार 30°N अक्षांश तक रहता है। भूमध्यरेखा से मैक्सिको की खाड़ी तक इस धारा का तापक्रम 75° F तथा सतह की लवणता 36% रहती है। 30°N अक्षांश से आगे एंटीलिस जलधारा से मिल जाती है।

(3) गल्फ स्ट्रीम धारा- यह एक गर्म जलधारा है। इसकी खोज 1513 ई० में पास दि लियोन ने की थी। फ्लोरिडा की धारा का जहाँ अंत होता है वहाँ से यह धारा प्रारम्भ होती है। मैक्सिको की खाड़ी में जन्म लेने के कारण इसका नाम गल्फ स्ट्रीम पड़ा है। यह सेंटलॉरेन्स नदी के मुहाने तक निर्विध्न रूप से चलती है। 40°N अक्षांश के पास तक यह उत्तरी-पूर्वी दिशा में बहती है और इसके बाद एकदम पूर्व की ओर मुड़ जाती है।

                  न्यूफाउंडलैंड तट के पास यह उत्तर की ओर से आने वाले लैब्रोडोर ठंडी जलधारा से मिलकर घना कोहरा उत्पन्न करती है। 45° W देशांतर के बाद गल्फस्ट्रीम कई शाखाओं में बँट जाती है। बिस्के की खाड़ी में बहने वाली धारा रेनेल धारा कहलाती है। यह इंग्लिश चैनल में भी प्रवेश करती है। एक शाखा नार्वे के तट से होकर बहती है जो नॉर्वेजियन जलधारा कहलाता है। आईसलैंड के दक्षिणी किनारे पर चलने वाली शाखा इरमिंजर जलधारा कहलाती है।                              

                 न्यूफाउंडलैंड के बाद गल्फस्ट्रीम धारा की दिशा व प्रवाह गति पर पछुआ पवनों का विशेष प्रभाव पड़ता है। पुनः 40° N अक्षांश पर इसकी दिशा पृथ्वी के विक्षेपक बल के कारण बदलती, 45°W अक्षांश के बाद गल्फस्ट्रीम ही उत्तरी अटलांटिक पछुआ प्रवाह जलधारा कहलाती है।

(4) लैब्रोडोर धारा- उत्तरी अटलांटिक महासागर में लैब्रोडोर तट के सहारे उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूरब की ओर चलने वाली जलधारा लैब्रोडोर जलधारा कहलाती है। यह एक ठंडी जलधारा है। यह उत्तरी ध्रुव महासागर का ठंडा जल खींचकर ले आती है। सेंट लारेंस नदी के मुहाने पर न्यूफाउलैंड द्वीप के समीप यह गल्फस्ट्रीम से मिल जाती है जिससे घना कोहरा बनता है।

(5) केनारी जलधारा- अफ्रीका के उत्तर-पश्चिम तट के सहारे के केनारी द्वीपों के पास से बहने वाली जलधारा केनारी जलधारा कहलाती है। यह धारा ठंडी है और उतर से दक्षिण दिशा में बहती है। वाणिज्य पवन इसे विशेष गति प्रदान करते हैं। यह धारा आगे चलकर उतरी विषुवतीय जलधारा में मिल जाती है। यह एक उपसतही जलधारा है।

(6) पूर्वी ग्रीनलैंड जलधारा- ग्रीनलैंड के पूर्व से भी एक ठंडी जलधारा दक्षिण की ओर चलती है जिसे पूर्वी ग्रीनलैंड जलधारा कहते हैं। यह उतरी अटलांटिक प्रवाह में मिल जाती है।

                      उत्तरी अटलांटिक महासागर के मध्य में जलधाराओं का एक वृत्त बन जाता है जिसकी प्रवाह दिशा घड़ी की सूईयों की गति की तरह होती है। इसके बीच का भाग स्थिर रहता है, जिसमें सारगैसो नामक समुद्री घास उग जाती है। जिसके कारण इसे सारगैसो सागर करते हैं। इसका विस्तार 20° से 35°N के बीच है। लेक के अनुसार दूसरे महासागरों में इस प्रकार की विशेषता नहीं पाई जाती है। मगर मारशक के अनुसार विश्व के महासागरों में ऐसे सागरों की संख्या 6 तक हो सकती है। इसके संबंध में अभी ज्ञान अधूरा है। अतः उनकी उचित खोज आवश्यक है।Atlantic Oceanic Currents

(B) दक्षिणी अटलांटिक की धाराएँ :-

(1) दक्षिणी अटलांटिक विषुवतीय जलधारा- इस धारा का प्रवाह क्षेत्र 0° से 20°S अक्षांश के मध्य पश्चिमी अफ्रीकी तट से प्रारंभ होकर दक्षिणी अमेरिका के पूर्वी तट पर जाकर सैनरॉक नामक टापू से टकराकर दो भागों में बँट जाती है। इसकी एक शाखा उतरी विषुवतीय धारा से तथा दूसरी शाखा ब्राजील तट के पास से दक्षिण की ओर गुजरती है जो ब्राजील गर्म जलधारा कहलाती है। 

(2) विपरीत विषुवतीय जलधारा- इस धारा की दिशा उत्तरी तथा दक्षिणी विषुवतीय धारा के प्रतिकूल दिशा में होती है। यह पश्चिम से पूरब की ओर प्रवाहित होती है। यह एक गर्म एवं कम शक्तिशाली जलधारा है। यही धारा पुरब में गिनी खाड़ी में पहुंचकर गिनी गर्म धारा के रूप में प्रवाहित होती है। 

(3) ब्राजील गर्म जलधारा- दक्षिण विषुवतीय धारा दक्षिण अमेरिकी के पूर्वी तट पर सैन रॉक अंतरीप से टकराकर दो भागों में विभक्त हो जाती है। एक शाखा तट के सहारे उत्तर की ओर चलती है जबकि दूसरी शाखा दक्षिण की ओर चलती है जो ब्राजील गर्म जलधारा कहलाता है। इसकी जल 40°S अक्षांश के निकट पहुंचकर फॉकलैंड की धारा से मिल जाती है।

(4) फाकलैंड की ठंडी जलधारा- दक्षिणी अटलांटिक में फाकलैंड द्वीप के पास अर्जेंटीना तट के सहारे दक्षिण से उत्तर की ओर बहती है। अंटार्कटिका ड्रिफ्ट का एक अंग होने के कारण यह एक ठंडी धारा है।

(5) दक्षिणी अटलांटिक ड्रिफ्ट या पछुआ प्रवाह – जब 40° अक्षांश के पास ब्राजील व फाकलैंड पछुआ पवनों के प्रभाव में आती है तो समुद्री धारा का प्रवाह पश्चिम से पूर्व की ओर होने लगता है। इसे पश्चिम वायु प्रवाह (West Wind Drift) भी कहते हैं। यह एक ठंडी जलधारा है। अंटार्कटिका महाद्वीप के तट के सहारे चलती है। यह 40° से 60°S अक्षांशों के मध्य बहती है।

(6) बेंगुएला जलधारा- पश्चिमी वायु प्रवाह का कुछ जल पृथ्वी की दैनिक गति के कारण थोड़ा-सा उत्तर की ओर मुड़ जाता है। यह धारा दक्षिण अफ्रीका के पश्चिमी तट से टकराकर उत्तर की ओर प्रवाहित होती है। यह एक ठंडी जलधारा है जो कालाहारी मरुस्थल के तट पर चलती है। उत्तर में यह दक्षिणी विषुवतीय जलधारा से मिल जाती है और अंततः चक्र को पूरा करता है।

                 अत: उपरोक्त तथ्यों से स्पष्ट है कि उत्तरी एवं दक्षिणी अटलांटिक महासागर में अलग-अलग विशेषताओं से युक्त कई जलधाराएं मिलती है।

उत्तर लिखने का दूसरा तरीका 

                       अटलाण्टिक महासागर की धाराएँ प्रचलित व्यापारिक पवन, विषुवत् रेखा के उत्तर और दक्षिण में महासागर के धरातलीय जल को प्रेरित करते हैं। इससे यहां का जल दो धाराओं के रूप में पश्चिम की ओर बहता है। इन्हें उत्तरी और दक्षिणी विषुवतीय धारा कहते हैं। इस प्रकार से असन्तुलित हुए जलस्तर पर सन्तुलन वापस लाने के उद्देश्य से एक वापसी धारा जिसे विरुद्ध विषुवतीय धारा कहते हैं, उपरोक्त दोनों विषुवतीय धाराओं के बीच पश्चिम से पूर्व की और बहती है। पश्चिमी अफ्रीका के तट के समीप इसे गिनी धारा कहते हैं।

               ब्राजील के साओ राक अन्तरीप के समीप दक्षिणी विषुवतीय धारा दो शाखाओं में बंट जाती है। इसकी उत्तरी शाखा उत्तरी विषुवतीय धारा में मिल जाती है। इस सम्मिलित धारा का कुछ अंश कैरिबियन सागर तथा मेक्सिको की खाड़ी में प्रवेश करता है, जबकि शेष भाग वेस्टइंडीज द्वीप समूह के पूर्वी किनारे पर अंटाईल्स धारा के नाम से बहता हुआ गुजरता है।

                जो शाखा मेक्सिको की खाड़ी में प्रवेश करती है, उसमें व्यापारिक पवन द्वारा प्रेरित तथा मिसिसिपी नदी द्वारा प्रदत्त अतिरिक्त जल की आपूर्ति होती है। इसके परिणामस्वरूप खाड़ी का जलस्तर अटलाण्टिक महासागर के जलस्तर की अपेक्षा कुछ ऊंचा हो जाता है। अतः खाड़ी से जल की धारा फ्लोरिडा के मुहाने से होकर बाहर खुले महासागर में निकलती है, जहां अंटाईल्स की धारा इससे मिल जाती है। फ्लोरिडा अन्तरीप से यह सम्मिलित धारा संयुक्त राज्य अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट पर बहने लगती है। इसे हटेरस अन्तरीप तक फ्लोरिडा धारा कहते हैं। हटेरस अन्तरीप से न्यू फाउंडलैण्ड के समीप स्थित ग्रैंड बैंक तक इस धारा को गल्फस्ट्रीम कहते हैं। गहरे जल में यह गल्फस्ट्रीम सुस्पष्ट रहती है।

          ग्रैंड बैंक से गल्फस्ट्रीम, पछुआ पवन के प्रभाव में आकर, पूर्व की ओर मुड़ जाती है और अटलाण्टिक के आर-पार उत्तरी अटलाण्टिक धारा के नाम से पूर्व की ओर बहती है। महासागर के पूर्वी भाग में पहुंचकर यह धारा दो मुख्य शाखाओं में बंट जाती है। मुख्य धारा ब्रिटिश द्वीप समूह पहुंचकर वहां के नार्वे के तट पर बहने लगती है, जिसे नार्वे धारा कहते हैं। वहां से यह आर्कटिक महासागर में प्रवेश कर जाती है। दक्षिणी शाखा स्पेन तथा एजोर्स के मध्य दक्षिण की ओर बहती है। यहाँ इसे कनारी धारा कहते हैं। यह एक ठण्डी जलधारा है। अन्त में यह उत्तरी विषुवतीय धारा में विलीन होकर उत्तरी अटलाण्टिक में धाराओं के चक्र (Gyre) को पूरा करती है। बीच के शान्त क्षेत्र को सारगेसो सागर कहते हैं जो सारगेसम नामक समुद्री शैवाल से भरा हुआ है।
                दो ठण्डी जलधाराएं आर्कटिक महासागर से अटलाण्टिक महासागर में बहती हैं। ये हैं- पूर्वी ग्रीनलैण्ड धारा तथा लेब्राडोर धारा।       

           लेब्राडोर धारा कनाडा के पूर्वी तट पर दक्षिण की ओर  बहती हुई गर्म गल्फस्ट्रीम से मिलती है। भिन्न तापमान वाली इन दो धाराओं के संगम से न्यू फाउंडलैण्ड के समीप विश्व विख्यात कोहरे का निर्माण होता है। यहां संसार का सबसे महत्वपूर्ण मत्स्य-आखेट क्षेत्र है।

                  दक्षिणी अटलाण्टिक महासागर में दक्षिणी विषुवतीय धारा की एक शाखा साओ राक अन्तरीप से दक्षिण की ओर दक्षिणी अमेरीका के पूर्वी तट से लगी हुई बहती है। इसे ब्राजील धारा कहते हैं। लगभग 35° अक्षांश पर ब्राजील धारा पूर्व की ओर मुड़ जाती हैं और पछुआ पवन से प्रेरित दक्षिणी अटलाण्टिक धारा से मिलकर पश्चिम से पूर्व की ओर बहने लगती है।

                   गुड होप अन्तरीप के निकट, दक्षिणी अटलाण्टिक धारा की एक शाखा दक्षिणी अफ्रीका के पश्चिमी तट पर उत्तर की ओर बहती है। यह ठण्डी जलधारा है और इसे बेंगुएला धारा कहते हैं। यह अन्त में दक्षिणी विषुवतीय धारा से मिलकर दक्षिणी अटलाण्टिक महासागर की धाराओं का चक्र पूरा करती है। एक ठण्डी जलधारा दक्षिणी अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट पर दक्षिण से उत्तर की ओर बहती है, जिसे फाकलैण्ड धारा कहते हैं।


Read More:

Tagged:
I ‘Dr. Amar Kumar’ am working as an Assistant Professor in The Department Of Geography in PPU, Patna (Bihar) India. I want to help the students and study lovers across the world who face difficulties to gather the information and knowledge about Geography. I think my latest UNIQUE GEOGRAPHY NOTES are more useful for them and I publish all types of notes regularly.

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

error:
Home